Showing posts with label jamshedpur. Show all posts
Showing posts with label jamshedpur. Show all posts

Thursday, April 4, 2013

कोल्हान में 15 हजार लोग करेंगे सूर्य नमस्कार

18 Feb, जमशेदपुर :
स्वामी विवेकानंद की सार्धशती (150वीं) जयंती पर पूरे देश में सोमवार सुबह दस बजे से 'सूर्य नमस्कार' का आयोजन किया जा रहा है जिसमें कोल्हान में करीब 15,000 लोग शामिल होंगे।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कोल्हान प्रभारी अभय सामंत ने बताया कि पूर्वी व पश्चिमी सिंहभूम के साथ सरायकेला-खरसावां जिले में जितने भी संघ स्थल हैं, उनके अलावा सभी सरस्वती शिशु मंदिर मिलाकर लगभग 350 स्थानों पर यह आयोजन किया जा रहा है। इनमें एग्रिको मैदान, जुगसलाई, जयप्रकाश उद्यान आदित्यपुर, बारीडीह, साकची, मानगो आदि के अलावा बिरसानगर, बागबेड़ा व कदमा के सरस्वती शिशु मंदिर में पढ़ने वाले करीब ढाई हजार छात्र भाग लेंगे। वहीं सोनारी स्थित भारत सेवाश्रम संघ और मिथिला विद्यालय में भी यह कार्यक्रम होगा। सामंत ने बताया कि विवेकानंद रॉक मेमोरियल, कन्याकुमारी द्वारा यह आयोजन किया जा रहा है जिसमें राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी भाग ले रहा है। यह संघ का आयोजन नहीं है, जबकि कुछ लोग संघ की सहभागिता को लेकर विरोध कर रहे हैं।
विवेकानंद की सार्धशती को लेकर 25 दिसंबर को संकल्प दिवस मनाया गया था। पूरे वर्ष भर कई कार्यक्रम होंगे जिसमें निबंध व नृत्य प्रतियोगिता के अलावा फुटबाल मैच आदि का आयोजन भी होना है। सूर्य नमस्कार संघ के युवा शक्ति मंत्र के तहत किया जा रहा है। सितंबर में मैराथन दौड़ होना है।

Friday, March 29, 2013

सूर्य नमस्कार कर विवेकानंद को श्रद्धांजलि


19 Feb, जमशेदपुर : स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के अवसर पर सोमवार को स्वामी विवेकानंद सार्ध शती समारोह के तत्वावधान में 21 स्थानों में सामूहिक सूर्य नमस्कार कर स्वामी विवेकानंद को श्रद्धांजलि दी गई। इस कार्यक्रम में सरस्वती शिशु विद्या मंदिर समेत विभिन्न स्कूलों के हजारों विद्यार्थियों ने भाग लिया। पूरे कोल्हान में छात्रों समेत लगभग 15 हजार लोगों ने सूर्य नमस्कार किया।



स्वामी विवेकानंद की 150वीं जयंती के अवसर पर एक वर्ष तक चलने वाले कार्यक्रमों की श्रेणी में यह दूसरा कार्यक्रम पूरे देश में आयोजित किया गया। सामूहिक सूर्य नमस्कार के लिए जमशेदपुर नगर को 12 भागों में बांटकर कार्यक्रम को संपन्न किया गया। गणेश पूजा मैदान कदमा में संयोजक अजय झा, दयानंद विद्यालय में संयोजक गुहाराम, मिथिला मॉडल स्कूल में संयोजक संतोष झा, पीपुल्स अकादमी साकची में संयोजक संजय पांडेय, सर्वोदय विद्यालय मानगो में संयोजक प्रवीण सिंह व सरस्वती शिशु मंदिर बिरसानगर में संयोजक सोना भट्टाचार्य के नेतृत्व में सूर्य नमस्कार कार्यक्रम आयोजित हुआ। साथ ही बारीडीह, जुगसलाई व आदित्यपुर में भी कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान विद्यार्थियों ने प्रतिदिन सूर्य नमस्कार करने का संकल्प लिया और कहा कि 'भारत जागेगा तो विश्व जागेगा'। गणेश पूजा मैदान कदमा में आयोजित कार्यक्रम में जमशेदपुर चैम्बर ऑफ कामर्स के अध्यक्ष मोहन लाल अग्रवाल बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित थे। कार्यक्रम में स्वामी विवेकानंद सार्ध शती समारोह के झारखंड प्रांत के सह संयोजक डॉ. राजीव कुमार, महानगर संयोजक इंद्र देव, तपन कर्मकार, चितरंजन वर्मा, राजेश सिंह, मनोज सिंह, कमल किशोर, गोपाल जायसवाल, संजय सिंह, अमरेन्द्र मल्लिक, अनुज चौधरी, रमाकांत सिंह, रोहित सिंह, विनोद ठाकुर, सरस्वती शिशु मंदिर के प्रधानाध्यापक उमेश व डीबीएमएस स्कूल की शिक्षिकाओं समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित थे। अंत में प्रबुद्ध भारत के नन्दजी प्रसाद ने धन्यवाद ज्ञापित किया।

ref : http://www.jagran.com/jharkhand/jamshedpur-10145819.html